समस्तीपुर जिले की एक महिला अपने प्रेमी के साथ पटना में किराये के मकान में रह रही थी। दोनों में फेसबुक से प्यार हुआ। इसके बाद महिला को लेकर उसका प्रेमी पटना चला आया। यहां वे दोनों किराये के मकान में रह रहे थे।
शादीशुदा होने के बाद भी प्रेमिका से इश्क लड़ाना एक युवक के लिए महंगा पड़ गया। पत्नी पुलिस को लेकर पहुंच गई। फिर तो जमकर हंगामा हुआ। समस्तीपुर के विभूतिपुर थाने की पुलिस पाटलिपुत्र थाने के इंद्रपुरी मोहल्ले में पहुंची और युवक-युवती को अपने साथ ले गई। दोनों करीब एक महीने से यहां रह रहे थे। आरोपित युवक पटना का जबकि उसकी प्रेमिका समस्तीपुर जिले की है।
जानकारी मिली कि शंभू और उसकी प्रेमिका दोनों पहले से शादीशुदा हैं। समस्तीपुर के विभूतिपुर की 28 साल की महिला के दो बच्चे भी हैं। वहीं दीघा घाट के अखाड़ा गली का रहने वाला शंभु (32) एक बच्चे का बाप है। बताया जाता है कि दोनों का संपर्क फेसबुक से बढ़ा। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। बात यहां तक पहुंच गई कि दोनों साथ जीने मरने की कसमें खाने लगे।
इधर प्रेमिका के स्वजनों ने अपहरण का मामला दर्ज करा दिया। वहीं शंभु अपनी प्रेमिका को लेकर पाटलीपुत्र थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर दो में एक किराए के मकान में रहने लगा। पुलिस इस दौरान जांच कर रही थी। तभी दोनों के पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में होने का पता चला।
पत्नी व लड़की के स्वजनों को देखकर दोनों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। उनके साथ समस्तीपुर जिले की पुलिस भी आई थी। हंगामा होने की सूचना पर पाटलिपुत्र थाने की पुलिस भी पहुच गई। थानाध्यक्ष एसके शाही ने बताया कि दोनों को विभूतिपुर थाने की पुलिस यहां से ले गई है।