aeb6d8f9 6e8b 42c5 9a6f 578c52bacb251 13

मानसून पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी पहुंच चुका है। बिहार में 72 घंटे के अंदर मानसून दस्तक दे सकता है। पूर्णिया में प्री-मानसून बारिश होने से संकेत मिला है। गुरुवार को उत्तर बिहार में पिछले 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश हुई। वहीं, दक्षिण बिहार के तीन जिलों को छोड़ सभी भागों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अभी भी पटना समेत दक्षिणी भाग में उमस भरी गर्मी बने रहने का पूर्वानुमान है।

मानसून आने तक बिहार में गर्मी सताएगी। पारा 24 घंटे में 45 डिग्री पार हो जाएगा। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों में बारिश और 6 जिलों में गर्मी का अलर्ट किया है। उत्तर बिहार में पूर्वी और दक्षिण बिहार में पश्चिमी हवा के प्रभाव से मौसम बदल रहा है। अब 13 से 15 जून के बीच मानसून आने के बाद गर्मी से राहत मिल जाएगी।

बारिश के बाद भी राहत नहीं

बारिश के बाद भी राज्य में गर्मी से कोई विशेष राहत नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे के दौरान उत्तर पूर्व भागों के बहादुरगंज में 265 एमएम बारिश हुई है। यह राज्य में सबसे अधिक बारिश है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के उत्तर पूर्व भागों में भारी बारिश दर्ज की गई है।

वहीं उत्तर पश्चिम, उत्तर मध्य के कुछ स्थानों एवं दक्षिण पूर्व के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। बारिश के कारण उत्तर बिहार में थोड़ी राहत महसूस की जा रही है, लेकिन धूप के कारण समस्या हो रही है। 24 घंटे के दौरान राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस औरंगाबाद में दर्ज किया गया।

हवा के प्रभाव से दो तरह का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश भागों में पूर्वी एवं दक्षिण पूर्वी हवा का प्रवाह हो रहा है। इसके साथ ही एक पूर्व पश्चिम ट्रफ रेखा दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश से मणिपुर तक बिहार उप हिमालयी पश्चिम बंगाल असम और मेघालय होकर गुजर रही है।

इन मौसमी कारकों के प्रभाव से अगले 24 घंटे में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, भागलपुर के एक दो स्थानों एवं सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार के कुछ स्थानों पर गरज व चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश। वहीं अररिया और किशनगंज और पूर्णिया में एक दो स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है।

6 जिलों में प्रचंड गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के दक्षिण पश्चिम बिहार के 6 जिलों में प्रचंड गर्मी रहेगी। दक्षिण पश्चिम भागों में पछुआ और दक्षिण पछुआ हवा का प्रवाह हो रहा है। इस कारण से इन क्षेत्रों में तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच होने की संभावना है। इससे सबसे अधिक बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल प्रभावित होगा। हालांकि पटना सहित आस पास के अन्य जिलों में भी गर्मी से राहत नहीं होगी। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 48 घंटे तक मौसम ऐसे ही बना रहेगा।

सोनू मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिला के रहने वाले है पिछले 4 साल से डिजिटल पत्रकारिता...